मौसम विभाग के अनुसार, पिछले कुछ हफ्ते से कमजोर पड़ा मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। 30 जून तक पूरे झारखंड में मॉनसून के बादल छाने और बारिश होने की उम्मीद है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव वाला क्षेत्र बना है। वहीं, एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल होते हुए झारखंड और बिहार की ओर बढ़ रहा है।
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में हलचल होने और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के तेजी से बढ़ने के कारण अगले एक-दो दिन में झारखंड में मॉनसून की बारिश होने लगेगी। आज रांची सहित राज्य के कुछ जिलों में गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।