मॉस्को में आज सुबह एक कार बम धमाके में रूस के एक लेफ्टिनेंट जनरल की मौत हो गई। लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवरोव सशस्त्र बलों के संचालन प्रशिक्षण विभाग के प्रमुख थे।
रूसी सुरक्षा एजेंसियां इस मामले में यूक्रेन की खुफिया सेवाओं की संलिप्तता से जुड़ी संभावनाओं की जांच कर रही हैं। रूस की समाचार एजेंसी तास ने बताया कि जांच की प्रगति को जांच समिति के केंद्रीय कार्यालय के नियंत्रण में रखा गया है।
पिछले वर्ष रूस के रेडियोलॉजिकल, रासायनिक और जैविक रक्षा सेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इगोर किरिलोव, दक्षिण-पूर्वी मॉस्को में एक बम धमाके में मारे गए थे। इसके लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया गया था।