भारतीय तटरक्षक बल का पोत संकल्प कल मॉरीशस के पोर्ट लुई पहुंचा। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह अपतटीय गश्ती पोत हिंद महासागर क्षेत्र में मित्र देशों के साथ विदेशी तैनाती पर है। मंत्रालय ने बताया कि यह दौरा समुद्री सहयोग को मजबूत करने, अपसी समन्वय क्षमता बढ़ाने और मॉरीशस के साथ द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
यह तैनाती भारत के समुद्री दृष्टिकोण ‘क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास’ (सागर) के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा, संरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। अपने प्रवास के दौरान, पोत मॉरीशस के राष्ट्रीय तटरक्षक बल और अन्य समुद्री एजेंसियों के साथ पेशेवर वार्ता करेगा। यह दौरा समुद्री सुरक्षा, क्षमता निर्माण, पर्यावरण संरक्षण और मॉरीशस के साथ मजबूत द्विपक्षीय संबंधों के प्रति भारतीय तटरक्षक बल की प्रतिबद्धता को उजागर करता है।