हिंद महासागर स्थित मेडागास्कर द्वीप पर आए उष्णकटिबंधीय चक्रवात गेज़ानी के कारण 9 लोगों की मृत्यु हो गई है। इस चक्रवात में हवा की गति 195 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। अधिकारियों ने बताया कि शक्तिशाली तूफान पूर्वी बंदरगाह शहर टोमासिना के तट से टकराने से कई इमारतें ढह गईं और बिजली की लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन कार्यालय ने 19 लोगों के घायल होने की सूचना दी और बताया कि मरने वालों की संख्या में वृद्धि हो सकती है।
बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए कई क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच पश्चिम की ओर बढ़ते हुए गेज़ानी कमजोर होकर उष्णकटिबंधीय तूफान में तब्दील हो गया है। यह चक्रवात, चक्रवात फितिया के दो सप्ताह से भी कम समय बाद आया है, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी।