मेघालय में पूर्वी जयंतिया पहाडी जिले में थांग-सू क्षेत्र में गैर-कानूनी रूप से संचालित कोयला खदान में डायनामाइट विस्फोट के दौरान मृतकों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। जिला उपायुक्त, मनीष कुमार में बताया की घटना पांच फरवरी को सुबह हुई। जिला प्रशासन को दोपहार में घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया। राज्य सरकार, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और बचाव दलों के समन्वय से घटना के दिन ही अभियान शुरू किया गया और यह अभियान नौ फरवरी तक चला।
शुरूआत में 28 लोगों के मौत की पुष्टि हुई लेकिन दो और लोगों ने असम के सिलचर मेडिकल कॉलेज में दम तोड दिया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन मृतकों के परिजनों को जल्द ही अनुग्रह राशि देगा। इस बीच, गैर-कानूनी रूप से चलाई जा रही कोयला खदानों के खिलाफ कडा अभियान शुरू कर दिया गया है।