मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सभी विभागों को चारधाम डैशबोर्ड पर नियमित रूप से रियल टाइम डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा से सम्बन्धित डैशबोर्ड जल्द शुरू होने वाला है। मुख्य सचिव ने कहा कि यह डैशबोर्ड चारधाम से सम्बन्धित सभी विभागों के बीच सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान व डाटा शेयरिंग का माध्यम बनेगा। इससे विभागों में प्रभावी समन्वय स्थापित होगा और उनके अलगाव में कार्य करने की प्रवृति खत्म होगी। इसके लिए सभी विभागों में एक-एक नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि डैशबोर्ड पर अपडेट किया जाने वाला डाटा गतिशील व रियल टाइम होना चाहिए। इसे नियमित रूप से फीड किया जाना चाहिए। मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले ब्लैक स्पॉट, स्लिपिंग जोन, मुख्य मार्गों के अलावा वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अपडेट करने को कहा है। साथ ही यूकाडा को धामों में खराब मौसम या अन्य कारणों से हैली सर्विस रद्द होने की पूर्व जानकारी अनिवार्य रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। पशुपालन विभाग को भी यात्रा मार्ग पर खच्चरों के लिए चारे, पीने के गर्म पानी, पशुचिकित्सकों की उपलब्धता का रियल टाइम डाटा भी नियमित रूप से अपडेट करने को कहा गया है।
Site Admin | जुलाई 25, 2024 6:54 अपराह्न
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सभी विभागों को चारधाम डैशबोर्ड पर नियमित रूप से रियल टाइम डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए
