अप्रैल 3, 2024 2:55 अपराह्न

printer

मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने  निर्वाचन की तैयारियों के लिए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की

मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने  निर्वाचन की तैयारियों के लिए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को नए मतदाताओं के नामांकन की अद्यतन प्रक्रिया में तेजी लाने और इस प्रक्रिया को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मतदाता पहचान पत्रों (एपिक) का समयबद्ध वितरण करने पर भी बल दिया। उन्होंने बताया कि 10 मई, 2023 से अब तक कुल नये मतदाताओं की संख्या 181509 है। अब तक वितरित एपिक कार्डों की कुल संख्या 167135 है। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को डाक विभाग से नियमित रूप से वोटर कार्डों का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने को भी कहा।

उन्होंने मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केन्द्रों में रैंप का निर्माण, शौचालय, स्वच्छ पेयजल की सुविधा इत्यादि के साथ-साथ शतप्रतिशत सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाएं प्रदान करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वेबकास्टिंग के लिए मतदान केंद्रों को चिन्हित करने को भी कहा। उन्होंने उन स्थानों को भी चिन्हित करने के निर्देश दिए जहां इंटरनेट या कनेक्टिविटी इत्यादि की सुविधा के दृष्टिगत वेबकास्टिंग संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिन क्रिटिकल मतदान केन्द्रों में कनेक्टिविटी के कारण वेबकास्टिंग संभव नहीं है वहां उचित रूप से वीडियोग्राफी की जानी चाहिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर भी बल दिया कि सभी श्रेणियों की ईवीएम के लिए भंडारण और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार किया जाए।