मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह और कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के देयोरी गांव में आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने वहां पीड़ितों से मिलकर उनका दुख दर्द बांटा और उन्हें हिम्मत बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देयोरी के भवन को हुए नुकसान का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला तथा पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर व प्रकाश चौधरी उनके साथ रहे।   मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आई आपदा में जिस भी गरीब आम आदमी का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, हिमाचल सरकार उन्हें अपने संसाधनों से समुचित सुविधा मुहैया कराएगी। जिनके मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, डंगे टूटे हैं अथवा पशुधन और फसल को नुकसान पहुंचा है, सरकार उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिलकर हिमाचल की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार प्रत्येक आपदा पीडि़त की मदद के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने आपदा राहत कोष में उदारता से दान के लिए प्रदेशवासियों समेत सभी दानवीरों का आभार जताया।