मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट सिटी पार्क में दीनदयाल रसोई योजना अंतर्गत चलित रसोई केन्द्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोई भी गरीब भूखे पेट न सोये, इसके लिए हम संकल्पित हैं। दीनदयाल रसोई योजना के अंतर्गत आज हमने चलित रसोई केंद्रों का शुभारंभ किया है। अब किसी भी गरीब भाई-बहन को भोजन के लिए कहीं जाना नहीं पड़ेगा आप जहां होंगे खाना वहीं पहुंचेगा और गुणवत्तापूर्ण भोजन के लिए आपको सिर्फ ₹5 देने होंगे। इस योजना में 10 लाख से अधिक जनसंख्या वाले नगरपालिक निगम इंदौर में 4, भोपाल में 3 तथा जबलपुर एवं ग्वालियर में 2-2 चलित रसोई केन्द्र शुरू किए गए हैं। शेष 12 नगरपालिक निगमों सहित पीथमपुर और मण्डीदीप नगरीय निकाय में एक-एक चलित रसोई केन्द्र शुरू किए जा रहे हैं। राज्य के गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को सस्ती दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 7 फरवरी 2017 को दीनदयाल रसोई योजना प्रारंभ की गई थी। प्रदेश में कुल 166 रसोई केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है। इन केन्द्रों में 5 रूपये प्रति थाली की दर से सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक भोजन का वितरण किया जाता है।
News On AIR | अक्टूबर 7, 2023 4:18 अपराह्न | MADHYA PRADESH NEWS | MP NEWS
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट सिटी पार्क में दीनदयाल रसोई योजना अंतर्गत चलित रसोई केन्द्र का शुभारंभ किया