मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल रायपुर के डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में आयोजित दशहरा कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है।
उन्होंने कहा कि माता कौशल्या की नगरी और भांचा श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में रावण रूपी जो भी बुराई है, उसको हम सबको मिलकर दूर करने का संकल्प लेना होगा। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाथ के पुतले का दहन किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री विजयादशमी पर्व के अवसर पर दूधाधारी मठ द्वारा रावणभाठा के दशहरा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रावण भाठा दशहरा मैदान के सौंदर्यीकरण और उसे व्यवस्थित करने के लिए पचास लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।