छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित कर ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान की शुरूआत की। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत नौ से पंद्रह अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सभी नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज अपने घर पर फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा और राज्य से लेकर जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं, तिरंगा रैलियां, तिरंगा दौड़ और मैराथन जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के दौरान तिरंगा प्रतिज्ञा भी ली जाएगी। कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को तिरंगा के साथ सेल्फी लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों को स्थानीय कार्यक्रमों में आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। तिरंगा के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए स्थानीय स्तर पर बाईक, सायकल और कार रैली निकाली जाएगी।
संस्कृति विभाग द्वारा सभी जिला कलेक्टरों को स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में निर्देश जारी करने को कहा गया है। साथ ही इन कार्यक्रमों में सार्वजनिक उपक्रमों, स्व-सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
Site Admin | अगस्त 8, 2024 8:05 अपराह्न
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित कर ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान की शुरूआत की
