छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कबीरधाम जिले के भोरमदेव मंदिर में सावन के अवसर पर पहुंचने वाले हजारों कावड़ियों का हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी कावड़ियों का अभिनंदन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भोरमदेव मंदिर में भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक भी किया। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें अपने हाथों से प्रसाद का वितरण किया।
इस बीच, सावन के तीसरे सोमवार को आज शिव मंदिरों में विशेष श्रृंगार किया गया। महादेव घाट स्थित हटकेश्वर नाथ महादेव मंदिर में आज सुबह चार बजे से रात बारह बजे तक निरंतर अभिषेक किया जा रहा है।
वहीं, रायपुर के स्टेशन रोड स्थित नीलकंठेश्वर शिव मंदिर में एक सौ आठ बार रूद्र महाभिषेक किया जा रहा है। शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है।