छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में प्रदेश के करीब 550 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया। ये पुरस्कार वर्ष दो हजार उन्नीस-बीस और बीस-इक्कीस के लिए प्रदान किए गए। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार के लिए सत्रह और शहीद कौशल यादव पुरस्कार के लिए नौ खिलाड़ियों को चुना गया। वहीं, तीन खिलाड़ियों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार दिया गया। इसी तरह, शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए तैंतालीस, शहीद विनोद चौबे सम्मान के लिए दस तथा मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए इंक्यावन खिलाड़ियों को चुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने की।
इस मौके पर सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि
पुरस्कार से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं के निखरने से समाज भी निखरता है। जिन शहीदों के नाम पर खेल पुरस्कार दिए जाते हैं, उन शहीदों के परिजनों को भी मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सम्मानित किया। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सिंह ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश में खेल के विकास के लिए अनुकूल वातावरण बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों की राष्ट्रीय स्तर पर सफलता भी इस बात का प्रमाण है।
प्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राज्य में अब तक पुरस्कार प्राप्त करने वाले चौहत्तर खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। वहीं, उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा के लिए समिति का गठन भी किया गया है। समिति की अनुशंसा के आधार पर जल्द ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा भी की जाएगी।