छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज दंतेवाड़ा में कारली पुलिस लाइन पहुंचकर कल बीजापुर जिले में माओवादी हमले में शहीद हुए आठ जवानों और एक वाहन चालक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जवानों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। माओवादियों के खात्मे के लिए अभियान जारी रहेगा।
वहीं, उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है।इसके बाद मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वन मंत्री ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर को कंधा देकर उनके गृहग्राम के लिए रवाना किया। अन्य जवानों और वाहन चालक के पार्थिव शरीर को भी उनके गृहग्राम रवाना किया गया।