दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शाहजहानाबाद रीडेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की अध्यक्ष नियुक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि उनकी सरकार का लक्ष्य पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण करते हुए इसे आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।
श्रीमति गुप्ता ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत वॉल्ड सिटी क्षेत्र में बिजली के तार भूमिगत किए जाएंगे, व्यापक यातायात नियंत्रण उपाय लागू होंगे और बहुस्तरीय पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
चांदनी चौक, जामा मस्जिद क्षेत्र, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग और दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक सौंदर्यीकरण परियोजनाओं की भी समीक्षा की जाएगी।
साथ ही, सरकार ने सड़कों, सीवर, पेयजल और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में अब इन योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।