अक्टूबर 22, 2025 7:07 अपराह्न

printer

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ पर्व की तैयारियों की दी जानकारी

 

दिल्ली सरकार राजधानी में इस वर्ष छठ पर्व को दिव्यता के साथ मनाने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में छठ पूजा की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार इस वर्ष दिल्ली की दीपावली भव्य रही, उसी तरह छठ पर्व भी दिव्यता से भरपूर होगा।

 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि दिल्ली की आस्था और संस्कृति का उत्सव है। उन्होंने बताया कि वर्षों से यमुना नदी पर छठ पूजा पर लगे प्रतिबंध को हटाया गया है और अब सरकार स्वयं श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाओं के साथ घाटों का निर्माण कर रही है। राजधानी में एक हजार से अधिक छठ घाट बनाए जा रहे हैं, जिनमें यमुना नदी के किनारे 17 विशेष और भव्य मॉडल घाट तैयार किए जा रहे हैं। इन मॉडल छठ घाटों पर टेंट, बिजली, साफ-सफाई और शौचालय की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

 

उन्‍होंने यह भी कहा कि दिल्‍ली सरकार पिछली सरकार द्वारा वर्ष 2021 में यमुना नदी में छठ मनाने वालों के खिलाफ दायर सभी एफआईआर वापस लेगी। इसके साथ ही मुख्‍यमंत्री ने विशेष स्‍वच्‍छता अभियान चलाने की घोषणा की, जिसके तहत सांसद, विधायक और पार्षदों सहित सभी जनप्रतिनिधि छठ घाटों का निरीक्षण करेंगे और मौजूदा स्थिति का जायजा लेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार करीब 200 घाटों पर भोजपुरी और मैथिली भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

इन व्‍यवस्‍थाओं के साथ दिल्‍ली सरकार यह सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास कर रही है कि श्रद्धालु यमुना के स्‍वच्‍छ जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर सकें और आस्था से छठ पर्व मना सकें। प्रादेशिक समाचार के लिए सौम्‍या शरण।