जुलाई 28, 2025 8:24 अपराह्न

printer

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त व्यय समिति बैठक की समीक्षा की

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज वित्त व्यय समिति की बैठक में निर्माणाधीन बारापूला ऐलिवेटेड रोड, फेज-III की समीक्षा की। इस बैठक में, रोड निर्माण के दौरान हुई अनियमितताओं और ठेकेदार कंपनी को 175 करोड़ रूपये का भुगतान करने की जांच को भ्रष्टाचार निरोधक शाखा से कराने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जांच में परियोजना किसी भी प्रकार से प्रभावित नहीं होगी और इसे तय समय पर पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

 

इस उच्चस्तरीय बैठक में लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश वर्मा के अलावा संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इस प्रोजेक्ट में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार इस परियोजना के लिए बजट की कमी नहीं आने देगी। बैठक के बाद श्रीमती गुप्ता ने जानकारी दी कि यह प्रोजेक्ट भी पिछली आम आदमी पार्टी सरकार के भ्रष्टाचार और घोर लापरवाही का एक और उदाहरण है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को अक्तूबर वर्ष 2017 में पूरा हो जाना था। लेकिन विभिन्न कारणों से यह परियोजना पिछड़ती गई।