मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में उच्चस्तरीय बैठक में काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव और हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार काकोरी ट्रेन एक्शन के शताब्दी महोत्सव को पूरे राज्य में विभिन्न गतिविधियों के साथ धूमधाम से मनाएगी। इस वर्ष 13 से 15 अगस्त के बीच प्रदेशव्यापी हर घर तिरंगा अभियान आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन के शताब्दी महोत्सव की शुरुआत 9 अगस्त से होगी।
इस अवसर पर प्रदेश के शहीद स्मारकों, स्मृति स्थलों, अमृत सरोवरों के तट पर वृहद रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। समारोह में शहीदों के परिजनों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाए। इन कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों, किशोरों, युवाओं का सहयोग और सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के दृष्टिगत संबंधित विभागों द्वारा झंडों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। लोगों के लिए झंडे खरीदने की बेहतर व्यवस्था की जाए। झंडे फहराने की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के झंडे का उपयोग न किया जाए और अभियान से जुड़े फोटो, वीडियो, सेल्फी पोर्टल पर अपलोड किये जाएं।