जुलाई 11, 2024 9:39 अपराह्न

printer

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती और बलरामपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज श्रावस्ती और बलरामपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। साथ ही बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें राहत राशि वितरित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री दी और बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में कुशलतापूर्वक राहत कार्य संचालित करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान उनके साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ राहत कार्यों में तेजी लाने और समय रहते सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार औसत से अधिक बरसात होने की संभावना है। इसके लिए हमारी तैयारी होनी चाहिए, जहां शरणालय बनाए गए हैं, वहां दोनों टाइम के भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और प्रभावित परिवारों को हर 15 दिन में राहत सामग्री पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पूरे प्रदेश में 923 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। बाढ़ पीड़ितों को रखने के लिए एक हजार तैंतीस   शरणालय बनाए गए हैं।