मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अगस्त 26, 2025 12:12 अपराह्न

printer

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को सम्मानित किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल लखनऊ में भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को सम्मानित किया। सम्मान समारोह प्रदेश के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने शुभांशु के अंतरिक्ष मिशन एक्सियम-4 को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उनके गृहनगर पहुंचने पर आयोजित किया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभांशु की ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में उनके नाम पर एक छात्रवृत्ति शुरू की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान केवल अंतरिक्ष अन्वेषण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को सुगम बनाने और प्राकृतिक चुनौतियों तथा आपदाओं से निपटने में भी सहायक हो सकता है।

 

इस अवसर पर, ग्रुप कैप्‍टन शुभांशु शुक्ला ने कहा कि आने वाले समय में लोग नासा की नहीं, बल्कि इसरो की बात करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके अंतरिक्ष मिशन के बाद हुए परिवर्तन देश की अंतरिक्ष यात्रा को आगे बढ़ाने में बहुत सहायक होंगे।

 

मुख्यमंत्री ने लखनऊ के लोकभवन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में शुभांशु शुक्ला के साथ-साथ उनके माता-पिता का भी अभिनन्दन किया। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, इसरो के अध्यक्ष बी. नारायण तथा प्रदेश सरकार के कई मंत्री और अधिकारीगण मौजूद रहे। सम्मान समारोह से पहले मुख्यमंत्री ने शुभांशु और उनके परिवार से मुलाकात भी की।

 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शुभांशु ने अपने शहर और देश को गौरवान्वित किया है। इसके बाद शुभांशु शुक्ला ने अपने स्कूल द्वारा आयोजित विजय परेड में भागीदारी की। विजय परेड के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उन पर पुष्प वर्षा की और तिरंगा लहराया। शुभांशु के सम्मान में उनके स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने स्कूल के विद्यार्थियों को एक अंतरिक्ष यात्री के रूप में अपना कैरियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।