अक्टूबर 7, 2024 6:43 अपराह्न

printer

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों के मद्देनजर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की

 

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों के मद्देनजर आज लखनऊ में मुख्य सचिव, डीजीपी, अपर मुख्य सचिव गृह, एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर मत, संप्रदाय की आस्था का सम्मान होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अगर आस्था के साथ खिलवाड़ करेगा, महापुरुषों, देवी-देवता, संप्रदाय आदि की आस्था के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करेगा, तो उसे कानून के दायरे में लाकर कठोरता पूर्वक सजा दिलवाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि शारदीय नवरात्र और विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हो, यह प्रत्येक जनपद-प्रत्येक थाना को सुनिश्चित करना होगा। माहौल खराब करने वालों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई करें। महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुट पेट्रोलिंग और पीआरवी एक सौ बारह की पेट्रोलिंग तेज की जाए।