मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मुरादाबाद की डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में पुलिस उपाधीक्षकों के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। पुलिस अकादमी में 18 माह का प्रशिक्षण लेने के बाद नए कानूनों के जानकार 74 डिप्टी एसपी पास आउट हुए हैं। इनमें 18 महिला और 56 पुरुष अधिकारी शामिल हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रदेश में सुशासन की नींव अच्छी कानून व्यवस्था से मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में किए गए रिफॉर्म का ही परिणाम है कि बीते साढ़े सात वर्षों में प्रदेश के भीतर कोई दंगा नहीं हुआ है। आज उत्तर प्रदेश सुशासन के मॉडल के रूप में पूरे देश में देखा जा रहा है। रूल ऑफ लॉ के कारण प्रदेश को लेकर लोगों की धारणा बदली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार ने कई रिफॉर्म किए हैं।