पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आई-पी.ए.सी. प्रमुख प्रतीक जैन के कार्यालय पर कल हुई तलाशी के बाद प्रवर्तन निदेशालय- ई.डी. के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन और शेक्सपियर सरनी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने भी शेक्सपियर सरनी में एक अलग शिकायत दर्ज कराई है।
इस बीच, ईडी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ने जैन के परिसर पर हुई छापेमारी में बाधा डाली। निदेशालय के वकील धीरज त्रिवेदी ने न्यायमूर्ति शुभ्रा घोष की पीठ को बताया कि मुख्यमंत्री के अचानक हस्तक्षेप से उनकी जांच बाधित हुई और पुलिस ने भी मौके पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने न्यायालय से तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। इस बीच, न्यायमूर्ति घोष ने मामले को आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी है।
आई-पी.ए.सी. के प्रतिनिधियों ने भी न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की। उनके वकीलों, सब्यसाची बनर्जी और अयान भट्टाचार्य ने कहा कि उनकी सभी फाइलों और दस्तावेजों को जब्त करने का प्रयास किया जा रहा है, और ईडी की तलाशी कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने का अनुरोध किया। दोनों याचिकाओं पर आज दोपहर सुनवाई होगी।