मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड को केन्द्रीय तापीय संयंत्रों से 500 मेगावाट अतिरिक्त विद्युत स्थायी रूप से आवंटित करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लगभग चार हजार आठ सौ मेगावाट क्षमता की जलविद्युत परियोजनाओं का निर्माण पर्यावरणीय कारणों से न्यायालय अथवा अन्य स्तरों पर लम्बित है जिस कारण राज्य में उपलब्ध जल शक्ति का विकास न होने से विद्युत की माँग और उपलब्धता का अन्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। श्री धामी ने कहा कि आगामी पाँच सालों में राज्य की आर्थिकी को दोगुना करने का लक्ष्य है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए भविष्य में विद्युत की मांग में तेजी से बढोतरी होगी। इससे पहले, श्री धामी ने कल नई दिल्ली में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री भूपेंद्र यादव से भी भेंट की। इस दौरान उन्होंने श्री यादव से जौलीग्रान्ट एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए वन भूमि हस्तान्तरण का अनुरोध किया।
Site Admin | जून 27, 2024 2:17 अपराह्न
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट की