मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े के साथ देहरादून में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अहिल्याबाई होलकर जी के चित्रपट पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होलकर का जीवन सामाजिक न्याय, करुणा, धर्म निष्ठा और नारी सशक्तिकरण की प्रेरणा है। उन्होंने शासन को केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और धर्म की पुनर्स्थापना का पथ बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक चेतना का पुनर्जागरण हो रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, श्री केदारनाथ-श्री बदरीनाथ धाम में सुविधाओं का विस्तार और बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर जैसी अन्य परियोजनाएं इसका प्रत्यक्ष प्रमाण हैं।