मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर में केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव के साथ इंदौर जिले में 51 लाख वृक्षारोपण के संकल्प के साथ एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की। इंदौर पहुंचकर दोनों नेताओं ने सबसे पहले देवी अहिल्या माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस अवसर पर रुद्राक्ष के पौधों का रोपण भी किया। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह हमारे लिए बड़ी ही खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए “एक पेड़ मां के नाम“ अभियान की शुरुआत की है।
इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में साढ़े 5 करोड़ पौधों का रोपण किया जा रहा है। जिसमें इंदौर शहर और पूरे जिले में 51 लाख पौधे लगाए जाने का कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वृक्षारोपण अभियान एक जन अभियान का रूप ले रहा है। इसमें समाज के हर वर्ग की सक्रिय सहभागिता सामने आ रही है।