मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

मार्च 13, 2024 1:55 अपराह्न

printer

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुराना बस अड्डा सोलन में विशाल जनसभा को सम्बोधित किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुराना बस अड्डा सोलन में विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल का सुनहरा भविष्य सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाएं और नीतियां बनाकर कार्यान्वित कर रही है। सरकार भ्रष्टाचार के दरवाजे बंद करके प्रदेश के संसाधनों का उपयोग जनकल्याण और प्रदेश के विकास के लिए कर रही है जबकि भाजपा अनैतिक तरीके अपनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमज़ोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग आम जनता के धन के बल का उपयोग कर लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को आघात पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के ध्येय के साथ कार्य कर रही है और सही नीतियों को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक संसाधनों की कमी के बावजूद प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा का मजबूती से सामना किया। प्रदेश सरकार को केंद्र से कोई विशेष सहायता प्राप्त नहीं हुई फिर भी हमने प्राथमिकताएं तय कीं और हर प्रभावित व्यक्ति को हरसम्भव सहायता प्रदान की। प्रदेश सरकार आम आदमी को केंद्र में रखकर अपनी योजनाओं व कार्यक्रमों का स्वरूप तय कर रही है। सरकारी नियमों व प्रक्रियाओं को सरल बनाकर सरकारी सेवाओं को आम आदमी के घर-द्वार पहुंचाने का प्रयास कर रही है। इसी के दृष्टिगत राजस्व विभाग में विशेष राजस्व लोक अदालतों का आयोजन आरम्भ किया गया। इसके उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं।