जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज जम्मू प्रांत के कई जिलों के स्कूल शिक्षा विभाग के आठ सौ 63 आकस्मिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने के आदेश सौंपे। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस अवसर पर समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विद्या समीक्षा केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर में शिक्षा पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से नए आईसीटी और एनालिटिक्स प्लेटफार्मों के एक समूह का शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शिक्षा क्षेत्र में लगभग एक हजार बुनियादी ढांचा कार्य चल रहे हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत सिविल कार्य के लिए लगभग चार सौ 50 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने नियमित किए गए नए कर्मचारियों को जन सेवा में खुद को समर्पित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने जम्मू क्षेत्र के 25 नीट और जेईई के सफल विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और टैबलेट देकर सम्मानित किया।