विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बारे में अमरीकी विदेश मंत्रालय का हाल का बयान अनुचित है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में कहा कि भारत की चुनावी और कानूनी प्रक्रियाओं पर किसी अन्य देश के आरोप पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।
भारत ने इस संबंध में कल अमरीकी दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी को बुलाकर कड़ी आपत्ति और विरोध दर्ज कराया। श्री जायसवाल ने कहा कि भारत में कानूनी प्रक्रियाएं कानून के शासन के तहत संचालित होती है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से समान लोकतांत्रिक व्यवस्था वाले देशों को इस तथ्य को स्वीकार करने में कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए। श्री जायसवाल ने कहा कि भारत को अपने स्वतंत्र और मजबूत लोकतांत्रिक संस्थानों पर गर्व है तथा उन्हें किसी भी तरह के अनुचित बाहरी दबावों से बचाने के प्रति वचनबद्ध है।
श्री जायसवाल ने कहा कि परस्पर सम्मान और समझ अंतर्राष्ट्रीय संबंधों की नींव होती हैं तथा एक देश से अपेक्षा की जाती है कि वह दूसरे देशों की संप्रभुता और अंदरूनी मामलों का सम्मान करे।