फ़रवरी 3, 2026 9:31 अपराह्न

printer

मुंबई स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और अखिल भारतीय उद्योग संघ ने भारत-अमरीका व्यापार समझौते को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया

मुंबई स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और अखिल भारतीय उद्योग संघ ने भारत-अमरीका व्यापार समझौते का स्वागत करते हुए इसे 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदारियों में से एक मानते हुए इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मुंबई और अखिल भारतीय उद्योग संघ के अध्यक्ष डॉ. विजय कलांत्री ने एक बयान में कहा कि यह समझौता लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं के निर्माण, नवाचार-आधारित विकास को बढ़ावा देने और भारत-अमेरिका आर्थिक सहयोग की पूरी क्षमता उजागर करने के साझा दृष्टिकोण को दर्शाता है।

वर्तमान वैश्विक संदर्भ में इस समझौते को महत्वपूर्ण बताते हुए डॉ. कलांत्री ने कहा कि भारत का बढ़ता विनिर्माण आधार, विशाल उपभोक्ता बाजार, कुशल कार्यबल और सुधार-उन्मुख नीतिगत वातावरण अमरीकी प्रौद्योगिकी, पूंजी और नवाचार के क्षेत्र में उसकी ताकत का पूरक है।

डॉ. कलांत्री ने कहा कि व्‍यापार समझौते से एम.एस.एम.ई और स्टार्टअप को सबसे अधिक लाभ मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इससे कपड़ा, रत्न और आभूषण, समुद्री उत्पाद और इंजीनियरिंग सामान जैसे क्षेत्रों को समर्थन मिलने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि समझौते से देश में पूंजी प्रवाह बढ़ेगा जिससे अन्य मुद्राओं की तुलना में रुपया मजबूत होगा।