मुंबई में कल एक नौका दुर्घटना में तीन रक्षा कर्मियों सहित 13 लोगों की मृत्यु हो गई। नौसेना ने बताया है कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब इंजन परीक्षण के दौरान एक नौका नियंत्रण खोकर यात्री नौका से टकरा गई। नौसेना ने तटरक्षक बल और समुद्री पुलिस के साथ राहत और बचाव का कार्य शुरू किया। इसमें नौसेना के चार हेलिकॉप्टरों, 11 नौकाओं, तटरक्षक बल की एक और समुद्री पुलिस की तीन नौकाओं की सेवा ली गई। 103 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नौका दुर्घटना में मारे गए परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और मृतकों के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रूपये तथा घायलों को 50-50 हजार रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के निकटतम परिजन को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5-5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।