फ़रवरी 8, 2026 12:04 अपराह्न

printer

मुंबई पुलिस ने गैर-कानूनी तरीके से रह रहे चार बांग्‍लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया

अवैध अप्रवासन पर बड़ा प्रहार करते हुए मुंबई पुलिस ने फर्जी पहचान दस्‍तावेजों का उपयोग करके शहर में गैर-कानूनी तरीके से रह रहे चार बांग्‍लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने आज बताया कि मलाड पूर्व के पठानवाड़ी क्षेत्र में चलाए गए कई समन्वित अभियानों के बाद ये गिरफ्तारी की गई है। पुलिस के अनुसार इस क्षेत्र में अवैध रूप से रहने वाले बांग्‍लादेशी नागरिकों और उनके फर्जी पहचान दस्‍तावेज को लेकर कुरार पुलिस स्‍टेशन को खुफिया जानकारी मिली। इस पुलिस स्‍टेशन से जुड़े आतंकवाद रोधी कक्ष के एक अधिकारी ने यह अभियान चलाया। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो, चार और छह फरवरी को संयुक्‍त छापेमारी की।

इन छापेमारियों के दौरान चार संदिग्‍धों को पठानवाड़ी के विभिन्‍न स्‍थानों से हिरासत में लिया गया। लगातार की गई पूछताछ पर उन्‍होंने स्‍वीकार किया कि वे बांग्‍लादेशी नागरिक हैं। उन्‍होंने यह भी स्‍वीकार किया कि उन्‍होंने बिना किसी वैध यात्रा या अप्रवासन दस्‍तावेज के भारत में प्रवेश किया। प्रारंभिक जांच में उनकी बांग्‍लादेश नागरिकता से जुड़े कई दस्‍तावेज बरामद किए गए।

पुलिस ने बताया कि उन्‍हें बांग्‍लादेश प्रत्‍यर्पित करने की कार्यवाही कर दी गई है। उन्हें देश से कानूनी तौर पर हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों से प्रतिबंध आदेश लेने की कोशिशें चल रही हैं।