अगले 24 घंटों में दक्षिण पश्चिम मॉनसून केरल पहुंच सकता है। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि मानसून तय समय पहली जून से दो दिन पहले आएगा। विभाग ने कहा कि मानसून कल तक उत्तर-पूर्वी राज्यों के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन, लक्षद्वीप, केरल और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार से अगले पांच दिनों में केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और माहे में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। एक और दो जून को तमिलनाडु तथा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान बिहार, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिसा में बारिश होने की संभावना है।