मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मार्च 1, 2025 3:46 अपराह्न

printer

माणा में हिमस्लखन की चपेट में आए 47 लोगों को किया गया रेस्क्यू, मुख्यमंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण

चमोली जिले के माणा गांव में राहत और बचाव कार्य जारी हैं। अब तक 47 श्रमिकों को रेस्क्यू कर लिया गया है और आठ अन्य की तलाश जारी है। इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने माणा के निकट हुए हिमस्खलन क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ज्योतिर्मठ में सेना के जवानों और अधिकारियों से मुलाकात की और बचाव और राहत अभियान की जानकारी ली।

 

श्री धामी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए, जिससे राहत व बचाव कार्य शीघ्र और प्रभावी रूप से संचालित हो सके। उन्होंने रेस्क्यू किए गए सीमा सड़क संगठन के श्रमिकों से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्परता के साथ कार्य कर रही है।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फ़ोन पर बात कर श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने प्रदेश में हो रही बारिश और हिमपात की स्थिति पर भी विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की ओर से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर संभव सहायता प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि कल सुबह हिमस्खलन के कारण कुल 55 श्रमिक बर्फ में दब गए थे, जिनकों निकालने के लिये कठिन परिस्थितियों के बीच राहत और बचाव अभियान जारी है।