मार्च 2, 2025 2:08 अपराह्न

printer

माणा गांव के पास हुए हिमस्खलन में राहत और बचाव अभियान जारी, आज एक श्रमिक का शव बरामद

 

चमोली जिले में माणा गांव के पास हिमस्खलन में फंसे 3 श्रमिकों का रेस्क्यू अभियान जारी है। अभियान के दौरान आज एक श्रमिक का शव बरामद हुआ। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आज देहरादून में आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से राहत व बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत जिला प्रशासन युद्धस्तर पर बचाव अभियान में जुटा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान में आधुनिक उपकरणों जैसे- विक्टिम लोकेटिंग, थर्मल इमेज कैमरे आदि की मदद से अब बाकी बचे मजदूरों को ढूंढा जा रहा है। इस बीच, जिला प्रशासन और बचाव टीम के अनुसार एक लापता श्रमिक दुर्घटना से पहले ही घर जा चुका था और उनके परिवार ने पुष्टि भी की है कि वह घर पर सुरक्षित हैं। गौरतलब है कि बीते दिनों माणा गांव के पास हुए हिमस्खलन की घटना में प्रभावित श्रमिकों की संख्या अब 54 रह गयी है, जो पहले 55 बताई गई थी।