जुलाई 1, 2025 11:15 पूर्वाह्न

printer

युवा कार्य विभाग और डिजिटल इंडिया कार्पोरेशन ने माई भारत के दूसरे चरण के लिए समझौता ज्ञापन पर किए हस्‍ताक्षर

युवा कार्य विभाग और डिजिटल इंडिया कार्पोरेशन ने कल नई दिल्‍ली में माई भारत के दूसरे चरण के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर किये। युवा कार्य और खेल मंत्री डॉक्‍टर मनसुख मांडविया तथा इलैक्‍ट्रोनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्‍णव की उपस्थिति में समझौते पर हस्‍ताक्षर हुए। यह समझौता युवा सशक्तिकरण और प्रौद्योगिकी के तालमेल की एक महत्‍वपूर्ण उपलब्धि है।

 

श्री मांडविया ने कहा कि नरेन्‍द्र मोदी सरकार युवाओं को नये अवसर उपलब्‍ध कराने और राष्‍ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्‍होंने कहा कि सरकार राष्‍ट्र निर्माण की दिशा में युवाओं को अत्‍याधुनिक डिजिटल उपकरणों से लैस कर रही है। युवा कार्य मंत्री ने कहा कि इससे माई भारत प्‍लेटफार्म पर पंजीकृत 1 करोड़ 76 लाख से अधिक युवाओं को लाभ होगा और वे देश की विकास यात्रा में अधिक सक्रिय योगदान कर सकेंगे।

 

इलैक्‍ट्रोनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा कि सरकार एक ऐसा प्‍लेटफार्म तैयार कर रही है, जहां युवाओं को नये अवसर मिलेंगे और वे इसका उपयोग कर अपना करियर बना सकेंगे। उन्‍होंनें कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने राष्‍ट्र के युवाओं पर विशेष रूप से ध्‍यान दिया है।

 

युवा कार्य विभाग में संयुक्‍त सचिव नितेश कुमार मिश्रा तथा डिजिटल इंडिया कार्पोरेशन की प्रबंध निदेशक और मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी नंद कुमारम् ने समझौते पर हस्‍ताक्षर किये।