माइक्रोसॉफ्ट के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी मामले में सरकार माइक्रोसॉफ्ट और उसके सहयोगियों के संपर्क में है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस समस्या के कारण की पहचान कर ली गई है और इसे हल करने के लिए अपडेट जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र का नेटवर्क प्रभावित नहीं हुआ है।
इस बीच, भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (सीईआरटी-इन) ने माइक्रोसॉफ्ट मामले में सलाह जारी की है। इसमें कहा गया है कि क्राउड स्ट्राइक एजेंट फाल्कन सेंसर से संबंधित विंडोज में हाल के अपडेट के कारण गडबडी हो रही है और वे क्रैश हो रहे हैं। संबंधित विंडोज फाल्कन सेंसर से संबंधित ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ का सामना कर रहे हैं। क्राउडस्ट्राइक के नवीनतम अपडेट से समस्याएँ आयी है और क्राउडस्ट्राइक टीम ने परिवर्तनों को पूर्ववत कर दिया है।
इस समस्या से दुनिया भर में लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। इसने विश्व भर में कई व्यवसायों, बैंकिंग सेवाओं और अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों के आईटी नेटवर्क को प्रभावित किया है।
भारत में देश भर में विभिन्न एयरलाइनों के लिए चेक-इन प्रणालियाँ बंद हैं। दुनिया भर की एयरलाइनों के चेक-इन सिस्टम में सुबह से खराबी आ रही है। इसके कारण अमरीका में उड़ानें रोक दी गईं और रद्द कर दी गईं।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि उनका मंत्रालय माइकोसॉफ्ट सॉफ़्टवेयर में हुई तकनीकी गडबडी के संबंध में लगातार माइक्रोसॉफ्ट के संपर्क में है। श्री वैष्णव ने कहा कि सीईआरटी-इन मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारियों, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा संस्थाओं के सीआईएसओ के साथ समन्वय कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित संस्थाएं अपने सिस्टम को ठीक करने के लिए काम कर रही हैं और कई मामलों में सिस्टम आंशिक रूप से ठीक हो गए हैं।