महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने कल रात नवी मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में गुजरात जायंट्स को सात विकेट से हरा दिया। गुजरात जायंट्स द्वारा दिये गये एक सौ 93 रन के लक्ष्य के जवाब में मुंबई इंडियंस ने चार गेंद शेष रहते तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को हासिल कर लिया। कप्तान हरमन प्रीत कौर ने 43 गेंद में नाबाद 71 रन बनाए। अमनजोत कौर ने 40 रन बनाए जबकि, निकोला कैरी 38 रन बनाकर नाबाद रहीं। गुजरात जायंट्स के लिए रेणुका सिंह ठाकुर, काश्वी गौतम और सोफी डिवाइन ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर एक सौ 92 रन बनाए। गुजरात जायंट्स की ओर से जॉर्जिया वेयरहैम ने नाबाद 43 रन और भारती फुलमाली भी 36 रन बनाकर नाबाद रहीं। मुंबई इंडियंस के लिए अमेलिया केर, निकोला कैरी, शबनीम इस्माइल और हैली मैथ्यूज़ ने एक-एक विकेट लिए। हरमनप्रीत कौर को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।