महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में रवांडा की फैनी उतागुशिमानिंदे सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। सलामी बल्लेबाज, उतागुशिमानिंदे ने नाइजीरिया इनविटेशनल महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में घाना के खिलाफ मात्र 65 गेंद में नाबाद 111 रन की पारी खेली। उन्होंने युगांडा की प्रोस्कोविया अलाको का रिकॉर्ड तोड़ा।
उतागुशिमानिंदे के नाबाद 111 रन, टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में पदार्पण करते हुए किसी महिला खिलाड़ी द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर भी रहा। इससे पहले, वर्ष 2005 में ऑस्ट्रेलिया की करेन रोल्टन ने इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 96 रन बनाए थे। उतागुशिमानिंदे की रिकॉर्ड तोड़ पारी की बदौलत रवांडा ने 122 रन से मैच अपने नाम कर लिया।