समूचे देश में आज जैन धर्म के 24वें और अंतिम तीर्थंकर, भगवान महावीर की जयंती मनाई जा रही है। आज के दिन भगवान महावीर की विशेष प्रार्थना की जाती है और रथयात्रा निकाली जाती है। यह पर्व करूणा, संयम और सत्य के व्रत का पालन करने का संदेश देता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज महावीर जयंती के अवसर पर समस्त देशवासियों और विशेषतौर पर जैन समुदाय के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। श्रीमती मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि भगवान महावीर के पांच सिद्धांत-अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह-जीवन में सत्य पथ चलने के लिए प्रेरित करते हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि इन सिद्धांतों को अपनाकर नागरिक अपने जीवन को सार्थक बना सकते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि भगवान महावीर ने समाज में व्याप्त बुराइयों के विरुद्ध आवाज उठाई और बेहतर जीवन का मार्ग प्रशस्त किया और उनकी शिक्षाएं सदा प्रासंगिक रहेंगी।