भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र के 29 नगर निगम चुनावों में 2,869 सीटों में से 1,425 सीटें जीतीं हैं। अंतिम परिणाम के अनुसार, शिवसेना को 399 सीटें, कांग्रेस को 324, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-एनसीपी को 167, शिवसेना-यूबीटी को 155, एनसीपी-शरद पवार गुट को 36, एमएनएस को 13 और बसपा को 6 सीटें मिलीं।
बृहन्मुंबई नगर निगम के 227 सीटों में से भाजपा ने 89 सीटें और उसकी सहयोगी शिवसेना ने 29 सीटें जीतीं, जबकि शिवसेना-यूबीटी को 65 और एमएनएस को छह सीटें मिलीं। वंचित बहुजन अघाड़ी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को 24 सीटें, एआईएमआईएम को 8, एनसीपी को 3, समाजवादी पार्टी को 2 और एनसीपी-शरद पवार गुट को केवल एक सीट मिली। महायुति गठबंधन ने ठाकरे परिवार के तीन दशक पुराने वर्चस्व को समाप्त कर दिया।
पुणे में भाजपा ने पवार परिवार को करारा झटका देते हुए 119 सीटें जीतीं, वहीं एनसीपी-अजीत पवार गुट 27 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि एनसीपी-शरद पवार गुट को तीन और कांग्रेस को 15 सीटें मिली हैं।
नागपुर नगर निकाय में 151 सीटों में से भाजपा को 102 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 34 सीटें हासिल कीं। नासिक में भाजपा ने 72 सीटें, शिवसेना ने 26, शिवसेना-यूबीटी ने 15, कांग्रेस ने 3 और एनसीपी ने 4 सीटें जीतीं।
छत्रपति संभाजीनगर में भाजपा ने 57 सीटें जीतीं हैं। शिवसेना ने 13 और कांग्रेस ने एक सीट जीती है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एनडीए के जनहितैषी शासन के एजेंडे को आशीर्वाद देने के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभार व्यक्त किया है।