महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि महाराष्ट्र, विदेशी निवेश के लिए भारत का प्रवेश द्वार बनकर उभरा है और यह विभिन्न क्षेत्रों और सेक्टरों में बड़े निवेश को आकर्षित करता रहेगा। दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक के दौरान महाराष्ट्र पवेलियन में बोलते हुए, फडणवीस ने कहा कि राज्य की विश्वसनीयता और मजबूत कार्य निष्पादन ने वैश्विक निवेशकों का विश्वास बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उद्योग मंत्री डॉ. उदय सामंत और प्रतिनिधिमंडल विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक के लिए दावोस पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत के लिए मजबूत आधार और अनुकूल वातावरण तैयार किया है। इसी आधार पर इस वर्ष भी महाराष्ट्र में भारी निवेश आएगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने पिछले दशक में 10 प्रतिशत से अधिक की औसत विकास दर बनाए रखी है और राज्य 2032 तक देश की पहली ट्रिलियन-डॉलर अर्थव्यवस्था बन सकता है।