महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन कल मुंबई में भारतीय तटरक्षक बल के 49वें स्थापना दिवस में शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि 151 से अधिक जहाजों, 78 विमानों और 46 उन्नत रडार स्टेशनों के साथ भारतीय तटरक्षक दुनिया का चौथा सबसे बड़ा तटरक्षक बल बन गया है।
उन्होंने कहा कि महत्वाकांक्षी आधुनिकीकरण योजनाओं के तहत भारतीय तट रक्षक बल के बेड़े में 200 जहाज और 100 विमान होंगे, जिससे समुद्री सुरक्षा की स्थिति और मजबूत होगी। राज्यपाल ने भारत के विशेष आर्थिक क्षेत्र के बड़े भाग पर दिन-रात निगरानी रखने के लिए तटरक्षक बल की सराहना की।
उन्होंने गुजरात और केरल में विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव कार्यों में बड़ी भूमिका के लिए भी भारतीय तटरक्षक बल की सराहना की। राज्यपाल ने इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रम का भी आनंद लिया। इस कार्यक्रम में वाइस एडमिरल संजय जे. सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।