महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के चुनावों के लिए ज़ोरदार प्रचार अभियान कल शाम समाप्त हो गया। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों और नेताओं ने अंतिम दिन मतदाताओं को लुभाने के लिए जोर शोर से प्रचार अभियान किया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कल नागपुर और पुणे में जनसभाओं को संबोधित किया। पुणे में उन्होंने नागरिकों से बातचीत करने के लिए एक भव्य रोड शो में भी भाग लिया। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई के विभिन्न वार्डों में महायुति उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया, जबकि उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने समर्थन जुटाने के लिए पुणे में एक विशाल रोड शो किया।
विपक्षी नेताओं ने भी ज़ोरदार प्रचार अभियान किया। शिवसेना – यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के लिए मुंबई में पार्टी की विभिन्न इकाइयों का दौरा किया। महाराष्ट्र नव निर्माण सेना- एमएनएस के अध्यक्ष राज ठाकरे पुणे के दौरे पर थे। वहां उन्होंने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने समापन दिवस पर चंद्रपुर में एक जनसभा को संबोधित किया।
सांगली, मिराज और कुपवाड में विधायक गोपीचंद पाडलकर ने पदयात्रा का आयोजन किया और जनसभा को संबोधित किया। नासिक, जालना, अकोला, धुले और सोलापुर सहित अन्य प्रमुख नगर निगमों में स्थानीय नेताओं और उम्मीदवारों ने अपने-अपने वार्डों में घर-घर जाकर और रैलियां करके प्रचार किया।
इस बीच, भाजपा की नासिक इकाई ने बागी सदस्यों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। पार्टी ने 75 सदस्यों को निष्कासित कर दिया है। ये सदस्य या तो आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रहे थे या टिकट न मिलने के बाद अन्य पार्टियों में शामिल हो गए थे।
इन 29 नगर निगमों के लिए मतदान कल होगा। चुनावों के मद्देनजर शेयर बाजार कल बंद रहेंगे। राज्य प्रशासन ने पुष्टि की है कि सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।