अक्टूबर 5, 2025 8:00 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र में भारी बारिश से व्यापक फसल नुकसान ,केंद्रीय गृह मंत्री ने केंद्र सरकार की तुरंत मदद का आश्वासन दिया

महाराष्‍ट्र में भारी वर्षा और बाढ़ से खेती को व्‍यापक नुकसान पहुंचा है। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने महाराष्‍ट्र सरकार को आश्‍वासन दिया है कि नुकसान की विस्‍तृत रिपोर्ट प्राप्‍त होते ही केंद्र सरकार किसानों को तत्‍काल व्‍यापक सहायता घोषणा करेगी। वे आज अहिल्यानगर जिले के लोनी में पद्मश्री डॉ. विट्ठलराव विखे पाटिल और पद्मभूषण डॉ. बालासाहेब विखे पाटिल की आदमकद प्रतिमाओं का अनावरण और पुनर्निर्मित पद्मश्री डॉ. विट्ठलराव विखे पाटिल सहकारी चीनी मिल का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे।

श्री शाह ने बताया कि केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 31 अरब 32 करोड़ रुपये की सहायता मंजूर की है। इसमें से अप्रैल में 16 अरब 31 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं, जिसमें महाराष्ट्र के लिए 2 अरब 15 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज भी शामिल है। उन्होंने कहा कि ऋण वसूली पर अस्थायी रोक और छात्रों को परीक्षाओं में छूट जैसे कई निर्णय भी लिए गए हैं।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और एकनाथ शिंदे, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।