महाराष्ट्र में कांग्रेस ने कल सात उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। पार्टी ने अमरावती सीट से बलवंत बसवंत वानखेड़े और नांदेड़ से वसंतराव बलवंतराव चव्हाण को मैदान में उतारा है। रवींद्र हेमराज धांगेकर पुणे से कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। लातूर और सोलापुर लोकसभा क्षेत्रों से डॉ. शिवाजीराव कल्गे और कुम. प्रणीति सुशीलकुमार शिंदे को पार्टी ने मैदान में उतारा है। इस बीच, शाहू शाहजी छत्रपति कांग्रेस की ओर से कोल्हापुर सीट से मैदान में उतरेंगे।
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने 20 उम्मीदवारों की सूची की घोषणा की थी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल मुंबई उत्तर से चुनाव लड़ेंगे, जबकि नितिन गडकरी नागपुर सीट से चुनाव लडेंगे। पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य मंत्री पंकजा मुंडे मराठवाड़ा के बीड से चुनाव लड़ने जा रही हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. भारती पवार और कपिल पाटिल डिंडोरी और भिवंडी सीटों से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने राज्य के वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को चंद्रपुर लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है।
राज्य के दोनों प्रमुख गठबंधनों, महायुति और कांग्रेस की महा विकास अघाड़ी ने अपने सीट बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा नहीं की है। महायुति में भाजपा, अजीत पवार की राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना तथा कांग्रेस की महा विकास अघाड़ी में शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार की राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी शामिल हैं।
महाराष्ट्र के अकोला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होने हैं। इसके लिए कांग्रेस ने साजिद खान पठान को अपना उम्मीदवार बनाया है।