महाराष्ट्र में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस इस वर्ष ‘दान से लाभ‘ विषय पर उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न जिलों और तालुकों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में एचपीवी टीकाकरण अभियान और ‘पिंक ओपीडी’ का शुभारंभ किया। वहीं, लातूर और नांदेड़ में भी एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। इसके अंतर्गत 14 वर्ष या उससे कम आयु की 20 हजार से अधिक बालिकाओं को गार्डसिल-4 का टीका निःशुल्क दिया जाएगा।
डोम्बिवली और कल्याण की 9 हजार एक सौ 11 महिलाओं और लड़कियों ने सावलाराम महाराज खेल परिसर में प्रसिद्ध लोक नृत्य ‘लेज़िम’ का प्रदर्शन कर गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाया।जलगांव में, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।यवतमाल, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर और धुले में अस्मिता महिला लीग एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
गोंडिया में “महिलाओं का सम्मान, गोंडिया का गौरव” नारे के अंतर्गत एक महिला साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें कई प्रतिभागियों ने पारंपरिक नौवारी साड़ियों में साइकिल चलाई।मुंबई में मेट्रो लाइन-3 के दो स्टेशन – मारोल नाका और सीएसएमटी – पूरी तरह से महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित किए गए, जहां 85 महिला कर्मचारियों ने शिफ्टों में सभी कार्यों का प्रबंधन किया।
स्कूली छात्राओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक महिला मैराथन में भाग लिया।सांगली में बालिका सशक्तिकरण पहल के अंतर्गत लगभग 15 हजार स्कूली छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया और उन्हें येलो बेल्ट से सम्मानित किया गया।वहीं, नागपुर में नगर निगम ने यशवंत स्टेडियम में पिंक मैराथन का आयोजन किया।