महाराष्ट्र के नागपुर जिले के राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड में हुए भीषण विस्फोट में 17 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया पोस्ट में मृतकों की संख्या की पुष्टि की।
पुलिस ने बताया है कि यह विस्फोट खनन और औद्योगिक उपयोग के लिए विस्फोटक बनाने वाले एक कारखाने में हुआ। विस्फोट से भीषण आग लग गई जिस पर चार से पांच घंटे बाद काबू पाया गया। इसके बाद बचाव अभियान तेज कर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने घटना की गहन जांच के आदेश दिए हैं। गार्जियन मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि ऐसी त्रासदियों को रोकने के उपायों पर चर्चा करने के लिए 2 मार्च को संभागीय आयुक्त कार्यालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। जांच से संबंधित और अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के नागपुर में एक कारखाने में हुए विस्फोट में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आश्वस्त किया है कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। श्री मोदी ने दुर्घटना में मारे गये लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि घायलों को भी 50-50 हजार रुपये दिये जाएंगे।