महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने कल दोपहर मुलुंड दमकल केंद्र के पास एक निर्माणाधीन छज्जा गिरने की घटना को देखते हुए राज्य के अन्य निर्माण स्थलों की भी सुरक्षा जांच के आदेश दिए हैं। इस बीच, मुलुंड मामले में उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कार्यकारी अभियंता सत्यजीत साल्वे को निलंबित करने आदेश दिए हैं और मुम्बई मैट्रोपॉलिटन क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने ठेकेदार पर पांच करोड रुपये का जुर्माना लगाया है।
यह दुर्घटना मुम्बई मेट्रो लाईन 4 पर हुई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों के इलाज का खर्च प्राधिकरण उठायेगा और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। राज्य सरकार ने मृतक के परिवार को 5 लाख रूपए की सहायता देने की घोषणा की है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के समय सोशल मीडिया पर दिखाई जा रही तस्वीरें वास्तविक घटना स्थल की न होकर किसी और स्थान की हैं।