महाराष्ट्र में मुंबई और विभिन्न क्षेत्रों में कल रात से जारी भारी वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मुंबई में आज तडके भूस्खलन के कारण मकान ढ़ह जाने से दो व्यक्तियों सहित पूरे महाराष्ट्र में छह लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार विखरौली, सांताक्रूज, सियोन और जुहू सहित मुंबई के कई इलाकों में दो सौ मिलीमीटर से अधिक की वर्षा दर्ज की गई। सांताक्रूज में पिछले पांच वर्षो के दौरान अगस्त महीने के किसी एक दिन में रिकार्ड दो सौ 44 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कोलाबा में 83 मिलीमीटर वर्षा हुई। भारी वर्षा से मुंबई में जगह-जगह जल भराव हो गया है जिससे यातायात बाधित हुआ है और महानगरीय रेलगाडि़यां देरी से चल रही है। महाराष्ट्र के कई जिलों में तेज वर्षा से फसलों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है।
Site Admin | अगस्त 16, 2025 10:38 अपराह्न
मुंबई और महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
